फेसबुक पर ब्लॉक करने के बाद महिला अधिकारी को फोन कर किया परेशान, नशे में सचिवालय पहुंचने का आरोप

Oct 22, 2026 - 09:49
Oct 22, 2026 - 11:40
 0  1
फेसबुक पर ब्लॉक करने के बाद महिला अधिकारी को फोन कर किया परेशान, नशे में सचिवालय पहुंचने का आरोप
फेसबुक पर ब्लॉक करने के बाद महिला अधिकारी को फोन कर किया परेशान, नशे में सचिवालय पहुंचने का आरोप

देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में तैनात एक महिला अनुभाग अधिकारी ने सहकारिता विभाग में कार्यरत उपनल कर्मचारी पर परेशान करने, कार्यालय में अभद्रता करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला अधिकारी की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फेसबुक पर संपर्क की कोशिश, ब्लॉक करने पर बार-बार फोन

शिकायत के अनुसार, आरोपी कर्मचारी ने कथित तौर पर फेसबुक के माध्यम से महिला अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया था। इससे परेशान होकर महिला अधिकारी ने उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया। आरोप है कि इसके बाद कर्मचारी ने उनके मोबाइल नंबर पर बार-बार फोन करना शुरू कर दिया। परेशान होकर महिला अधिकारी ने उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया।

नशे की हालत में कार्यालय पहुंचने का आरोप

महिला अधिकारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचा। वहां उसने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। इस घटना के बाद महिला अधिकारी ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

सचिवालय परिसर से भागने पर पकड़े जाने का दावा

शिकायत में कहा गया है कि कार्यालय में मौजूद सहकर्मियों ने जब आरोपी को रोकने का प्रयास किया, तो वह सचिवालय परिसर से बाहर भागने लगा। इसके बाद सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी और अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट भी हुई। बताया गया है कि आरोपी को सचिवालय में उसकी तैनाती से भी हटा दिया गया है। महिला अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया है कि कर्मचारी कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था। उन्होंने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

नगर कोतवाली पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2), 352, 78 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow