जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर सख्त हुए सीएम योगी, भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
उपशीर्षक: जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों से कहा- अवैध कब्जे हटवाकर आरोपियों को भेजें जेल
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में जमीन पर अवैध कब्जे और भू-माफिया की गतिविधियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 फरियादियों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर फरियादियों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी पीड़ित की समस्या को नजरअंदाज न किया जाए और प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अवैध कब्जे करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतें सामने आने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष रूप से सख्ती बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन लोगों की जमीन पर जबरन कब्जा किया गया है, उन्हें कब्जे से मुक्त कराया जाए। साथ ही अवैध कब्जा करने वाले भूमाफिया और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जमीन कब्जाने के मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर पीड़ितों को न्याय दिलाने के निर्देश भी दिए गए।
सपा पर भी साधा निशाना, माफिया को संरक्षण देने का लगाया आरोप
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासनकाल में माफिया और जमीनों पर कब्जा करने वाले लोगों को संरक्षण मिलता रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों और व्यापारियों की जमीनों पर कब्जे की प्रवृत्ति को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर में गोड़धोइया नाला फेज-1 परियोजना के लोकार्पण और अन्य विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 495 करोड़ रुपये की फेज-1 परियोजना का लोकार्पण किया, जबकि 880 करोड़ रुपये की फेज-2 और सीवरेज परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
जनता दर्शन में अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों की शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कार्रवाई का लाभ संबंधित पीड़ित तक पहुंचना चाहिए। जमीन विवाद, अवैध कब्जे और अन्य जनसमस्याओं में जांच के बाद प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद अब जमीन कब्जाने और भू-माफिया से जुड़ी शिकायतों पर प्रशासन की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
What's Your Reaction?
