कांग्रेस की की पंचायत चुनावों को लेकर हुई अहम बैठक, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रहे मौजूद

Jun 23, 2025 - 10:24
 0  70
कांग्रेस की की पंचायत चुनावों को लेकर हुई अहम बैठक, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रहे मौजूद


देहरादून। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में रविवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं की बैठक हुई। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य मौजूद रहे। बैठक को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद रणनीति के विषय में चर्चा हुई। साथ ही उन्होंने आरक्षण को लेकर कहा कि पंचायतों में तय किए गए आरक्षण में एससी, एसटी व ओबीसी व महिला आरक्षण प्रभावित हुआ है, जो नियम विरुद्ध है। साथ ही उन्होंने दो चरणों में होने वाले चुनाव पर भी अंदेशा जताते हुए कहा कि इसे एक चरण में भी किया जा सकता था, लेकिन दो चरणों में चुनाव कराना साफ संकेत देता है कि बीजेपी चुनाव जीतने के लिए कोई बड़ी तैयारी कर रही है।

बैठक में कांग्रेस ने पंचायत चुनाव जीतने के लिए तीन चरणों की रणनीति तैयार की है। राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए निर्धारित किये गए आरक्षण रोटेशन प्रक्रिया की सभी नेताओं ने निंदा की है। सभी 24 तारीख का इंतजार कर रहे हैं कि कोर्ट से क्या निर्णय आता है।

करन माहरा ने कहा उत्तराखंड में यह पहली बार हो रहा है कि पंचायत चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं जो इस बात का संकेत है कि सब कुछ सामान्य नहीं है। जिस प्रकार महाराष्ट्र में चुनाव आयोग के कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं इस तरह उत्तराखंड में भी हालात बनते नजर आ रहे हैं, प्रपत्र देने से लेकर नॉमिनेशन की प्रक्रिया 2 तारीख तक तो हो जाएगी, जबकि वोटिंग का दिन 10 और 15 तारीख निर्धारित किया गया है। 
उन्होंने संशय जताया कि 12 जिलों में एक साथ चुनाव नहीं कराना, यह अपने आप में साबित करता है कि भाजपा कोई बड़ी तैयारी कर रही हैं। 

उन्होंने कहा पंचायत चुनाव में रोस्टर जीरो करना भी अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि निश्चित रूप से धामी सरकार इस चुनाव में पूरी बेईमानी करने पर उतर आई है। उन्होंने कहा कांग्रेस पंचायत चुनाव पूरी ताकत और मजबूती के साथ लड़ेगी। 
पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्र में जाकर स्थानीय नेताओं कार्यकर्ताओं और जनता से मिल रहे हैं। जिनकी रिपोर्ट के आधार पर संगठन आगामी निर्णय लेगा।

बैठक में यह तय हुआ है कि पहले चरण में ग्राम सभा और बीडीसी मेंबर की स्थितियों का आंकलन किया जाएगा। दूसरे चरण में जिला स्तर के पदाधिकारी बीडीसी मेंबरों को कोऑर्डिनेट करेंगे। सारे चुनाव पर नजर बनाकर रखेंगे। तीसरे चरण में राज्य स्तर के प्रभारी जिला स्तर पर भेजे जाएंगे। जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे. लास्ट स्क्रूटनी पीसीसी लेवल पर की जाएगी. जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों के विषय पर चर्चा की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow