छात्राओं के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर मंथन, MIT निदेशक ने कुलपति से की मुलाकात
देहरादून। महादेवी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT), देहरादून के निदेशक डॉ. शक्ति सिंह बर्त्वाल ने श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अमरीश कुमार महाजन से मुलाकात कर उच्च शिक्षा के विकास और छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और छात्राओं को समय की मांग के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
डॉ. शक्ति सिंह बर्त्वाल ने कुलपति को महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्थाओं और छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने संस्थान में आयोजित शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि महाविद्यालय छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि बदलते शैक्षणिक परिदृश्य में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल और व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के बीच बेहतर समन्वय से शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने तथा छात्राओं के लिए नए अवसर विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
कुलपति प्रो. (डॉ.) अमरीश कुमार महाजन ने महाविद्यालय की ओर से किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों के प्रति सकारात्मक रुख अपनाते हुए संस्थान को विश्वविद्यालय की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और छात्राओं के हित में किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाने के महत्व पर बल दिया।
डॉ. बर्त्वाल ने कुलपति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का मार्गदर्शन संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा देने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि महादेवी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का लक्ष्य छात्राओं को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर, कुशल और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। संस्थान भविष्य में भी शैक्षणिक उत्कृष्टता और छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. हेमंत बिष्ट, महादेवी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के प्रशासनिक अधिकारी जसवंत पवार, कॉलेज के आईटी हेड विकास गौड़ और दीपक बहुगुणा उपस्थित रहे।
महादेवी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, एमकेपी कॉलेज सोसाइटी (पंजीकृत 1902) की एक इकाई है। यह मुलाकात संस्थान और विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक संवाद एवं सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।
What's Your Reaction?