टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, कोटा में ट्रेन से पकड़े गए 3 संदिग्ध
मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में राजस्थान पुलिस को बड़ी कामयाबी मिलने की खबर है। कोटा पुलिस ने पुणे-जयपुर सुपरफास्ट ट्रेन से लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने के संदेह में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है।
फायरिंग के बाद ट्रेन से भाग रहे थे संदिग्ध
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाया गया था। बाइक सवार तीन बदमाशों ने कथित तौर पर 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोटा स्टेशन पर पुलिस ने बिछाया जाल
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद संदिग्ध ट्रेन से जयपुर की ओर निकल गए थे। मुंबई पुलिस से सूचना मिलने पर कोटा सिटी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने ट्रेनों में तलाशी अभियान चलाया।
इसी दौरान ट्रेन नंबर 12939 पुणे-जयपुर सुपरफास्ट के जनरल कोच में सफर कर रहे तीन संदिग्धों को कोटा पहुंचने पर हिरासत में ले लिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों वसई रोड से ट्रेन में सवार हुए थे।
गैंग के कथित ऑडियो से भी जुड़ा मामला
फायरिंग की घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से कथित तौर पर एक ऑडियो जारी कर हमले की जिम्मेदारी लेने की बात सामने आई थी। इस ऑडियो में सलमान खान के साथ काम करने वालों को धमकी दिए जाने का भी दावा किया गया है।
फिलहाल कोटा पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फायरिंग की वारदात में उनकी क्या भूमिका थी और उनका कथित गैंग से क्या संबंध है।
What's Your Reaction?