98 लाख की साइबर ठगी के मास्टरमाइंड मृदुल सूर को उत्तराखंड एसटीएफ ने कोलकाता से किया गिरफ्तार

Sep 15, 2025 - 19:54
 0  24

देहरादून। 98 लाख की साइबर ठगी के मास्टरमाइंड को उत्तराखंड एसटीएफ ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार, अभियुक्त ने फेसबुक और व्हाट्सऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर व कई अंतरराष्ट्रीय व स्थानीय मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर शिकायतकर्ता को वित्तीय सलाहकार बताकर निवेश के लिए फंसाया। शुरुआती रिटर्न देने के बाद जुलाई 2020 से अगस्त 2024 के बीच पीड़ित से अलग-अलग खातों में लगभग 98 लाख रुपये जमा कराए गए। रकम लौटाने के बजाय धमकी व ब्लैकमेल कर डराया गया कि धनराशि अवैध गतिविधियों में प्रयोग हो चुकी है।

शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस ने तकनीकी जांच कर अभियुक्त की पहचान मृदुल सूर पुत्र एम.के. सूर निवासी महेशपुर, थाना इगरा, जिला पूर्वी मिदनापुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में की। उसे फ्लैट नं. B/1A, सुकासा टावर, ईडन पार्क, कोलकाता से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 01 मोबाइल फोन, 04 चेकबुक, 03 पासबुक और 02 एटीएम कार्ड बरामद किए गए। एसटीएफ ने बताया कि अभियुक्त के बैंक खातों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई साइबर अपराधों की शिकायतें दर्ज हैं। गिरफ्तारी पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक सुनील भट्ट व कांस्टेबल सोहन बडोनी शामिल रहे, जबकि तकनीकी सहयोग एएसआई मनोज बेनीवाल व हेड कांस्टेबल राजाराम गोदियाल ने दिया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow