SIR को लेकर सियासत गरमाई, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना; कांग्रेस ने भी दिया करारा जवाब

Aug 24, 2026 - 17:15
 0  0
SIR को लेकर सियासत गरमाई, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना; कांग्रेस ने भी दिया करारा जवाब

देहरादून: प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं. भाजपा का आरोप है कि एक तरफ विपक्ष राष्ट्र विरोधी राजनीति कर रहा है तो वहीं कांग्रेस ने भी भाजपा पर एसआईआर को लेकर पलटवार किया है. भाजपा से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कांग्रेस पर विपक्ष की भूमिका निभाते-निभाते राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया. वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर लोगों को बांटकर राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाया है.

नरेश बंसल ने कहा कि कांग्रेस का वर्तमान नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते राष्ट्र विरोध की राजनीति पर उतर आया है और देश-विरोधी तथा अंतरराष्ट्रीय ताकतों का नेतृत्व करने लगा है. उन्होंने प्रधानमंत्री के दिमागी नक्सल’ वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि देश में माओवादी और नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है, लेकिन अब वैचारिक स्तर पर देश को कमजोर करने वाली ताकतों से भी मुकाबला जरूरी है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री के इस बयान पर जिस तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं, उससे कांग्रेस की मानसिकता स्पष्ट होती है. SIR को लेकर उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया केवल किसी एक वर्ग या दल के हित के लिए नहीं है, बल्कि देश की मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए की जा रही है. लोकतंत्र में सरकार का गठन मतदाताओं के माध्यम से होता है, इसलिए यह जरूरी है कि पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे और अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में न रहे.

उन्होंने कहा कि SIR देश मे पहली बार नहीं हो रहा है और इसका उद्देश्य एक शुद्ध एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत हो सके. भाजपा नेता ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक और वर्ग विशेष के हितों को साधने के लिए कभी SIR का विरोध करती है तो कभी वंदे मातरम्’ जैसे राष्ट्रीय गीत को लेकर आपत्ति जताती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ऐसी राजनीति उसके राष्ट्र विरोधी मानसिकता की ओर संकेत करती है और जनता को यह समझना होगा कि देशहित तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कौन सी ताकतें काम कर रही हैं.

इधर कांग्रेस की तरफ से पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह ने मोर्चा संभालते हुए कहा कि भाजपा ओछी राजनीति करती आई है. उन्होंने कहा कि यह वह लोग हैं जो समाज को बांटकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकते हैं. उन्होंने कहा कांग्रेस किसी भी ऐसे व्यक्ति के साथ नहीं खड़ी है जो देश और प्रदेश में अवैध रूप से रह रहा हो. लेकिन कांग्रेस हर उस वर्ग के साथ खड़ी है, जिसके वोट का अधिकार छीना जा रहा है. यदि आज भी देश और प्रदेश के अंदर घुसपैठियों की मौजूदगी है, तो क्या साढ़े नौ साल से सत्ता संभाल रही भाजपा क्या कर रही थी. कांग्रेस का कहना है कि हमें प्रदेश की जनता से लेना देना है, इसलिए कांग्रेस देश, संविधान के साथ-साथ लोकतंत्र की रक्षा इसी तरह करती रहेगी.

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow