अंकिता भंडारी केस में फिर बढ़ा विवाद, विनोद आर्य के खिलाफ माता-पिता ने दी तहरीर
बेटी की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक करने और छवि खराब करने का लगाया
आरोप, राजपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर विवाद गहरा गया है। अंकिता के माता-पिता ने पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ देहरादून के राजपुर थाने में शिकायत दी है। परिजनों का आरोप है कि बेटी की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक कर उसका चरित्र हनन किया जा रहा है और मामले से जुड़े तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। रविवार रात सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना के साथ थाने पहुंचे माता-पिता ने विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। हालांकि, पुलिस ने अभी एफआईआर दर्ज नहीं की है। पुलिस अधिकारी के अनुसार शिकायत एसएसपी को भेज दी गई है और उनके निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।
4000 पन्नों की चैट सार्वजनिक करने से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, विनोद आर्य ने 16 नवंबर को हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता और उसके कथित पुरुष मित्र के बीच हुई व्हाट्सऐप बातचीत के 4 हजार से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए थे। उन्होंने इन चैट का हवाला देते हुए अपने बेटे को निर्दोष बताया था और सीबीआई जांच की मांग की थी। साथ ही अंकिता की मौत को हत्या के बजाय आत्महत्या बताया था। उनके इन दावों के बाद विवाद और बढ़ गया।
क्या है पूरा मामला?
19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थी। सितंबर 2022 में उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। वहीं, मामले से जुड़े कथित ऑडियो और वीआईपी एंगल को लेकर पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ का नार्को टेस्ट भी 24 नवंबर को गुजरात के गांधीनगर में निर्धारित है। राठौड़ ने जांच में सहयोग करने की बात कही है।
What's Your Reaction?
