भगवानपुर में पुलिस और गो तस्करों के बीच मुठभेड़, एक आरोपी को लगी गोली, साथी फरार
आम के बाग में गोकशी की तैयारी की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी, जवाबी फायरिंग में
आरोपी घायल; फरार साथी की तलाश जारी
हरिद्वार: जिले के भगवानपुर क्षेत्र में गोतस्करी के आरोपियों और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार 10 नवंबर की देर रात भगवानपुर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सिकरोड़ा गांव के पास स्थित एक आम के बाग में गोकशी की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।
साथी का इंतजार कर रहा था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी छोटू अपने साथी कालू के आने का इंतजार कर रहा था। दोनों की योजना आम के बाग में पहुंचकर गोकशी की घटना को अंजाम देने की थी। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने मौके पर दबिश दे दी। पुलिस को सामने देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और कथित तौर पर टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें छोटू के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से पकड़ लिया और उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
घायल आरोपी की पहचान, कालू की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद, निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं, उसका साथी कालू मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड, गोतस्करी से जुड़े नेटवर्क और इस गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
एसपी देहात ने दी कार्रवाई की जानकारी
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोतस्करी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फरार साथी की तलाश की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
