चीन को QUAD का कड़ा संदेश, भारत-अमेरिका समेत चारों देश फिर आए साथ
मनीला में हुई क्वाड शिखर बैठक से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के खिलाफ कूटनीतिक
एकजुटता का संकेत मिला। बैठक ने अमेरिका और चीन के बीच बढ़ती नजदीकियों की
अटकलों पर भी विराम लगा दिया।
नई दिल्ली। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक संतुलन बनाए रखने के लिए भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर एक मंच पर नजर आए। फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन में चारों देशों ने अपनी साझेदारी को मजबूत करने और क्षेत्र में स्वतंत्र एवं सुरक्षित समुद्री गतिविधियों को बढ़ावा देने पर सहमति जताई। इस बैठक को चीन के लिए अहम कूटनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। करीब दो साल बाद आयोजित इस शिखर बैठक ने उन चर्चाओं पर भी विराम लगा दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि अमेरिका और चीन के बीच बदलते संबंधों के कारण क्वाड की अहमियत कम हो रही है। बैठक से साफ संकेत मिला कि वाशिंगटन की हिंद-प्रशांत रणनीति में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।
ट्रंप की चीन यात्रा से पहले हुई अहम बैठक
मनीला में क्वाड नेताओं की बैठक ऐसे समय पर हुई, जब चीन और फिलीपींस के बीच क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर तनाव बना हुआ है। खास बात यह रही कि यह सम्मेलन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा से ठीक एक दिन पहले आयोजित हुआ। ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात प्रस्तावित थी।
ऐसे घटनाक्रम के बीच क्वाड देशों की एकजुटता ने यह स्पष्ट किया कि अमेरिका चीन के साथ बातचीत के बावजूद हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपने रणनीतिक सहयोगियों के साथ खड़ा है।
भारत की पहल से फिर सक्रिय हुआ क्वाड
क्वाड की पिछली शिखर बैठक वर्ष 2024 में अमेरिका में हुई थी। इसके बाद 2025 में इसकी अध्यक्षता भारत को मिली थी, लेकिन अमेरिकी सत्ता परिवर्तन और अन्य परिस्थितियों के कारण अगला सम्मेलन आयोजित नहीं हो सका। इस दौरान क्वाड के भविष्य को लेकर भी सवाल उठने लगे थे। हालांकि, भारत में मई में चारों देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई और अब मनीला में शिखर सम्मेलन के आयोजन से इस समूह की सक्रियता फिर सामने आई है। चारों देशों ने अंतरराष्ट्रीय नियमों के पालन, समुद्री रास्तों की स्वतंत्रता और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने पर सहमति जताई।
क्वाड ने घोषित कीं चार अहम पहल
1. मुंबई में होगा पहला बिजनेस लीडर्स फोरम
क्वाड देशों के बीच आर्थिक और कारोबारी सहयोग बढ़ाने के लिए वर्ष 2027 में पहली बार बिजनेस लीडर्स फोरम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि भारत इस कार्यक्रम की मेजबानी करेगा और इसका आयोजन मुंबई में होगा। इसमें चारों देशों के कारोबारी प्रतिनिधि, अधिकारी और नीति विशेषज्ञ शामिल होंगे।
2. एआई तकनीक को मिलेगा बढ़ावा
क्वाड देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी एक्सेलेरेटर पहल को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। इसके तहत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भरोसेमंद एआई तकनीक की उपलब्धता, इस्तेमाल और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। इस पहल के जरिए संबंधित परियोजनाओं को वित्तीय सहायता देने पर भी काम होगा।
3. समुद्री सुरक्षा के लिए संयुक्त निगरानी
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत 2027 में पहली बार क्वाड देशों के पी-8 और पी-3सी गश्ती विमान समुद्री सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेंगे। इससे समुद्री क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा सहयोग को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
4. समुद्र के भीतर बिछे संचार केबल नेटवर्क को मजबूती
चारों देशों ने केबल कनेक्टिविटी और मजबूती साझेदारी के तहत हुई प्रगति पर भी संतोष जताया। इसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षित और भरोसेमंद संचार नेटवर्क का विस्तार करना है। इससे डिजिटल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और महत्वपूर्ण संचार ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
चीन के लिए क्या हैं इस बैठक के मायने?
मनीला सम्मेलन से यह संकेत मिला है कि क्वाड केवल एक कूटनीतिक समूह नहीं, बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा, तकनीक, व्यापार और रणनीतिक सहयोग का महत्वपूर्ण मंच बना रहेगा। चीन के साथ अमेरिका के संबंधों में उतार-चढ़ाव के बावजूद चारों देशों की एकजुटता ने स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्रीय रणनीति को लेकर उनकी प्राथमिकताएं कायम हैं।
What's Your Reaction?
