14 लाख की लूट में गिरफ्तारी से गरमाया विवाद, बजरंग दल ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

Nov 14, 2026 - 08:15
 0  5
14 लाख की लूट में गिरफ्तारी से गरमाया विवाद, बजरंग दल ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
14 लाख की लूट में गिरफ्तारी से गरमाया विवाद, बजरंग दल ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी को लेकर आमने-सामने आए बजरंग दल और पुलिस,

संगठन ने सीबीआई जांच की मांग उठाई

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। बजरंग दल ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए गिरफ्तारी को गलत बताया है। संगठन का आरोप है कि एक सामान्य विवाद को लूट का मामला बनाकर सिद्धांत बड़ोनी को फंसाया गया है। वहीं, पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कार्रवाई को साक्ष्यों और जांच के आधार पर सही ठहराया है। बजरंग दल के प्रांतीय अध्यक्ष अनुज वालिया ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कथित लूट की घटना व्यस्त चौराहे पर हुई थी, ऐसे में सीसीटीवी फुटेज और अन्य परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने शिकायतकर्ता राजेश कुमार सोनी के कारोबार और 14 लाख रुपये की नकदी के स्रोत की भी जांच कराने की मांग की है। संगठन ने यह भी दावा किया कि सिद्धांत बड़ोनी ने एक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में मदद की थी। इसके बावजूद उन्हें लूट के मामले में आरोपी बना दिया गया। बजरंग दल नेताओं ने पुलिस हिरासत में उनके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप भी लगाया है। इन आरोपों को गंभीर बताते हुए संगठन ने पूरे मामले की सीबीआई जांच और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सात आरोपियों को भेजा जा चुका है जेल

दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि मामले की करीब डेढ़ सप्ताह तक गहन जांच की गई। इस दौरान चश्मदीदों के बयान, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस बोली- संगठन को निशाना बनाने का सवाल नहीं

एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने किसी संगठन को निशाना बनाकर कार्रवाई नहीं की है। जांच में जिस व्यक्ति की भूमिका सामने आई और जिसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले, उसी के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने कहा कि बजरंग दल की ओर से उठाए गए सवालों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। संगठन के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनके पक्ष और आपत्तियों पर भी विचार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले में फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं, सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद बजरंग दल और पुलिस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow