उत्तराखंड चुनाव को लेकर BJP ने तेज की तैयारी, 70 सीटों पर जीत के लिए बनाएगी रणनीति
हरिद्वार में प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक, राजनाथ सिंह देंगे संगठन को चुनावी दिशा;
बूथ स्तर तक जिम्मेदारी तय करने की तैयारी
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ संगठन को सक्रिय करने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में हरिद्वार में होने वाली विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।
भाजपा की योजना इस बार चुनावी अभियान को केवल प्रत्याशियों तक सीमित रखने के बजाय पूरे संगठन को जिम्मेदारी सौंपने की है। प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर विधायकों, मोर्चों, प्रकोष्ठों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में सक्रिय किया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य सरकार के पांच साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही संगठन की जमीनी पकड़ को और मजबूत करना है।
प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को हुई तैयारी बैठक में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि चुनाव भले ही 70 प्रत्याशी लड़ेंगे, लेकिन इसे पूरी पार्टी को मिलकर लड़ना होगा। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही संगठन के सभी स्तरों पर चुनावी जिम्मेदारियां तय करने की बात कही।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को किसी भी चुनौती को हल्के में नहीं लेने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति में राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन संगठन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। पार्टी इस बैठक के माध्यम से प्रदेश के चुनावी एजेंडे को राष्ट्रीय नेतृत्व की रणनीति से जोड़ने की तैयारी में है। संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने बूथ सशक्तीकरण अभियान को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हरिद्वार में प्रस्तावित दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन संयुक्त मोर्चों और विभिन्न प्रकोष्ठों की बैठक होगी, जबकि दूसरे दिन विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति आयोजित की जाएगी। इस दौरान सरकार के कामकाज, संगठन की तैयारियों और विपक्ष की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। भाजपा का पूरा जोर चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और सभी 70 सीटों पर जीत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मजबूत चुनावी आधार तैयार करने पर है।
What's Your Reaction?
