ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस; 8 की मौत, 26 घायल
गूलर के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ हादसा, पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी बस; SDRF और
पुलिस का रेस्क्यू अभियान जारी
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस; 8 की मौत, 26 घायल
टिहरी गढ़वाल उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को झकझोर कर रख दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत और करीब 26 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। जानकारी के अनुसार, बस हरिद्वार से बदरीनाथ की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गूलर के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरा। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। बस के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं बचाव टीमें
हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद मुनिकीरेती थाना पुलिस के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमें भी तत्काल मौके पर रवाना की गईं। SDRF के जवानों ने गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें एंबुलेंस के जरिये नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराने की व्यवस्था की गई।
रेस्क्यू के दौरान बढ़ी मृतकों और घायलों की संख्या
शुरुआत में हादसे में कई लोगों के घायल होने और कुछ यात्रियों की मौत की सूचना सामने आई थी। SDRF की ओर से शुरुआती जानकारी में छह लोगों की मौत और करीब 20 यात्रियों के घायल होने की बात बताई गई थी। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ और घायलों की संख्या करीब 26 होने की जानकारी सामने आई। बचाव दल लगातार खाई में तलाशी अभियान चला रहे हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनिकीरेती थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटा प्रशासन
दुर्घटना के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस, SDRF और अन्य बचाव दलों का अभियान जारी है।
**बस का नंबर UK09PA9779 बताया गया है।** हादसे से जुड़ी मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
What's Your Reaction?
