जनता की शिकायतों पर सीएम धामी सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री सेवा सदन में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इस दौरान सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, जमीन, पेंशन और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले प्रमुखता से उठाए गए। मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।
अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
सीएम धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए और हर शिकायत का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि लोगों की शिकायतें संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान की नियमित निगरानी की जाए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ ध्यान देने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े।
'धन्य-धन्य धामी जी' गीत का विमोचन जनता की समस्याएं सुनने के साथ मुख्यमंत्री ने 'धन्य-धन्य धामी जी' गीत और पोस्टर का विमोचन भी किया। इस गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।
What's Your Reaction?
