उत्तराखंड में प्रशासनिक विभाग में बड़ा बदलाव, 34 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी; 6 जिलों के SSP बदले
धामी सरकार ने IAS और IPS अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश जारी किए।
नैनीताल से लेकर ऊधमसिंह नगर तक पुलिस व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
उत्तराखंड में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। शासन ने बुधवार देर रात अधिकारियों की नई तबादला सूची जारी कर 34 अफसरों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं। इस बदलाव में 12 IAS और 17 IPS अधिकारियों के अलावा PCS और सचिवालय सेवा के अधिकारी भी शामिल हैं। प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई अहम विभागों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। एलएल फनई को फिर से प्रमुख सचिव आबकारी बनाया गया है। आर. राजेश कुमार को सचिव खनन एवं महानिदेशक खनन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बृजेश कुमार संत को खेल विभाग का सचिव बनाया गया है। रंजीत कुमार सिन्हा को आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
इन छह जिलों में नए पुलिस कप्तान
पुलिस विभाग में हुए बदलाव के तहत छह जिलों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। मणिकांत मिश्रा को ऊधमसिंह नगर, अर्पण यदुवंशी को नैनीताल, देवेंद्र पींचा को पौड़ी, सरिता डोभाल को टिहरी, अमित श्रीवास्तव-2 को चमोली और जगदीश चंद्र को बागेश्वर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके साथ ही मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी की कमान सौंपी गई है। पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम और अजय गणपति को एसडीआरएफ का सेनानायक नियुक्त किया गया है। श्वेता चौबे को भी आईआरबी में नई जिम्मेदारी मिली है।
कई विभागों में बदले गए अधिकारी
तबादला सूची में खेल, वित्त, तकनीकी शिक्षा, नियोजन, सहकारिता, वन और गृह विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं। शासन के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है। नई तैनाती के बाद अधिकारियों के सामने अपने-अपने विभागों और जिलों में व्यवस्थाओं को सुचारु रखने की चुनौती होगी।
What's Your Reaction?
