देहरादून में 12 लाख की लूट का खुलासा, केयरटेकर ने ही खुलवाया था घर का दरवाजा
बुजुर्ग महिला और नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर लूटे थे जेवरात, पुलिस ने तीन
आरोपियों को किया गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता फरार।
देहरादून के बसंत विहार इलाके में बुजुर्ग दंपती के घर हुई 12 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि वारदात की योजना घर के केयरटेकर होशियार सिंह ने ही बनाई थी। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिया और घटना के दौरान घर का दरवाजा भी खुद खोला था। पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर की रात करीब दो बजे बदमाश घर में घुसे थे। उन्होंने बुजुर्ग महिला और नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर उन्हें काबू कर लिया। इसके बाद महिला के पहने हुए गहने जबरन उतरवाए और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू की। 25 नवंबर को पुलिस ने कांवली गांव के कब्रिस्तान के पास से तीन आरोपियों हिमांशु, नितिन और रूपा को गिरफ्तार कर लिया। तीनों बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के निवासी और आपस में भाई-बहन हैं। पूछताछ में सामने आया कि केयरटेकर होशियार सिंह ने ही अपने साथियों को घर की जानकारी दी थी और वारदात की रात उन्हें अंदर बुलाया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। फरार केयरटेकर की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर में नौकर या केयरटेकर रखने से पहले उनकी पहचान और पृष्ठभूमि की जांच जरूर कराएं। साथ ही पुलिस वेरिफिकेशन भी अनिवार्य रूप से करवाएं।
What's Your Reaction?
