गुरु नानक देव जी के दरबार पहुंचे CM धामी, खटीमा से दिया सेवा और भाईचारे का संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि
की कामना की। धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने की
प्रतिबद्धता भी दोहराई।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर खटीमा पहुंचे। यहां उन्होंने पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका और प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की अरदास की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिख समाज के लोगों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, सेवा, समानता और आपसी सद्भाव का संदेश देती हैं। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का काम कर रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपना पूरा जीवन मानव कल्याण और समाज में भाईचारे को मजबूत करने के लिए समर्पित किया। जरूरतमंदों की मदद करना, निस्वार्थ सेवा और सभी के प्रति समान व्यवहार करना उनकी शिक्षाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी कई पहल की जा रही हैं।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी से गुरु नानक देव जी के बताए रास्ते पर चलकर सेवा, प्रेम और सद्भाव को जीवन में अपनाने की अपील की।
What's Your Reaction?
