उत्तराखंड में विकास कार्यों को रफ्तार, मुख्यमंत्री ने 496 करोड़ रुपये की योजनाओं को दी मंजूरी
देहरादून। उत्तराखंड में सड़क निर्माण, शिक्षा, खेल सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न योजनाओं के तहत 496 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि मंजूर करने की स्वीकृति दी है। इन योजनाओं में विद्यालयों के लिए वेतन-भत्ते, सड़कों का निर्माण एवं सुधार, खेल सुविधाओं का विस्तार और धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का विकास शामिल है।
शिक्षा विभाग के लिए 445.92 करोड़ रुपये स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत समग्र शिक्षा योजना में संचालित माध्यमिक और प्रारंभिक विद्यालयों के शिक्षकों के वेतन-भत्तों सहित अन्य आवश्यक खर्चों के लिए 445.92 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है। इससे शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज
कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर हरिद्वार जिले में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। बहादराबाद के गंगा नहर के दायीं ओर पथ पर स्थित कांगड़ी घाट के विस्तार के लिए 8.43 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। वहीं, कुंभ मेला क्षेत्र में कंबल और सजावटी कपड़ों की खरीद के लिए 14.57 करोड़ रुपये की लागत से संबंधित कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
पौड़ी, टिहरी और चमोली में सड़क परियोजनाओं को मंजूरी
पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र में लैंसडौन से लैंसडौन कैंट क्षेत्र तक प्रस्तावित हेलिपैड के निर्माण के लिए 13.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। टिहरी गढ़वाल जिले में कीर्तिनगर विकासखंड के जखेड से सुमाड़ी-कपरौली तक मोटर मार्ग के नए निर्माण के लिए 2.04 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। वहीं, गंगोलीहाट क्षेत्र में गंगई-बनकोट मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों और चंपावत जिले में सड़क सुधार के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। देहरादून जिले के चकराता विधानसभा क्षेत्र में कालसी से उपरौली तक मोटर मार्ग के अनुरक्षण के लिए 1.91 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा नैनीताल जिले में सड़क सुधार, डामरीकरण और अन्य निर्माण कार्यों के लिए भी बजट मंजूर किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों का होगा विकास
सरकार ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संपर्क मार्गों के निर्माण और सुधार पर भी ध्यान दिया है। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए 3.84 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं, चंपावत और नैनीताल जिलों में भी कई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिससे स्थानीय आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। देहरादून जिले के विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में भी संपर्क मार्गों से जुड़े कार्यों को स्वीकृति मिली है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाना और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
धार्मिक स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी
टिहरी गढ़वाल जिले के प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में बूढ़ाकेदार महादेव मंदिर के निकट धर्मशाला, कक्षों और शौचालयों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 98.77 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में खेल मैदान, हेलिपैड और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
वित्त विभाग में छह अधिकारियों को पदोन्नति
वहीं, शासन ने उत्तराखंड वित्त सेवा संवर्ग के छह अधिकारियों को चयन वेतनमान (लेवल-13) में पदोन्नति देने की स्वीकृति भी प्रदान की है। यह पदोन्नति विभागीय चयन समिति की संस्तुति के आधार पर दी गई है। पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में पंकज कुमार शुक्ल, पूजा नेगी, संजीत भंडारी, सुनील सिंह, आनंद सिंह और वीरेंद्र रावत शामिल हैं। सरकार के इन फैसलों से शिक्षा, सड़क संपर्क, धार्मिक पर्यटन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?