सरकारी टकसाल के नाम पर बड़ा खेल! 20 करोड़ के सोने-चांदी की ठगी का आरोप, छह पर केस
उपशीर्षक: पुश्तैनी गहनों को शुद्ध सोने में बदलने और मुनाफा दिलाने का दिया था भरोसा, गाजियाबाद पुलिस ने शुरू की जांच।
गाजियाबाद: सरकारी टकसाल से जुड़ाव का दावा कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। गाजियाबाद में एक व्यक्ति ने दिल्ली के सर्राफा कारोबारी परिवार के छह सदस्यों पर करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य का सोना-चांदी हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मामले में राजनगर निवासी राकेश कुमार मित्तल ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में एक पारिवारिक आयोजन के दौरान उनकी मुलाकात राकेश गुप्ता, दिलीप गुप्ता और अन्य परिचितों से हुई थी। बातचीत के दौरान उन्होंने घर में पुश्तैनी सोना रखने के खतरे गिनाए और उसे सुरक्षित तरीके से अधिक लाभ में बदलने का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि उन्होंने खुद को भारत सरकार की सरकारी टकसाल का अधिकृत एजेंट बताते हुए गहनों को शुद्ध सोने की ईंटों में बदलवाने की बात कही।
कई महीनों में सौंपे करोड़ों के गहने
पीड़ित के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर भरोसा करते हुए उन्होंने अगस्त से नवंबर 2023 के बीच अलग-अलग मौकों पर करीब 12 करोड़ रुपये के पुश्तैनी सोने के आभूषण आरोपितों को सौंप दिए। यह लेनदेन रामलीला मैदान घंटाघर के पास हुआ था। उन्हें बताया गया था कि सोने से नए गहने तैयार कर बाजार में बेचने पर अच्छा मुनाफा मिलेगा।
इसके बाद अक्टूबर 2024 में आदित गुप्ता के कहने पर उन्होंने अपनी एफडी तुड़वाकर 4.50 करोड़ रुपये आरटीजीएस के जरिए एक फर्म के बैंक खाते में भेज दिए। शिकायत के अनुसार, यह रकम चांदी की सिल्लियां खरीदने के लिए ली गई थी।
वापसी की मांग पर शुरू हुई टालमटोल
राकेश मित्तल का आरोप है कि उनके करीब चार किलो सोना और 420 किलो चांदी आरोपितों के पास है। इसकी कुल कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये आंकी गई है। पत्नी के इलाज के लिए पैसों की जरूरत पड़ने पर उन्होंने अपनी संपत्ति वापस मांगी, लेकिन उन्हें लगातार इंतजार कराया गया। अगस्त 2025 में पत्नी के निधन के बाद भी कई बार मांग करने पर सोना-चांदी वापस नहीं किया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि बाद में उन्हें धमकियां भी दी गईं।
इन छह लोगों के खिलाफ FIR
पुलिस में दर्ज शिकायत के आधार पर राकेश गुप्ता, आदित गुप्ता, अखिल गुप्ता, दिलीप गुप्ता, अभिनव गुप्ता और स्वतंत्र गुप्ता के खिलाफ गाजियाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। बैंक खातों में हुए लेनदेन और सोना-चांदी सौंपे जाने से संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?
