असम में ट्रेन हादसा, सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस के इंजन समेत 6 डिब्बे बेपटरी
उपशीर्षक: दिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा, कई यात्रियों के घायल होने की आशंका; राहत और बचाव कार्य जारी।
गुवाहाटी। असम में बुधवार सुबह रेल हादसे की घटना सामने आई। गुवाहाटी के नजदीक दिगारू रेलवे स्टेशन पर सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर दिगारू स्टेशन के पास दूसरी ट्रेन को आगे निकलने का रास्ता देने के लिए रोकी जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो पाई और इंजन सहित पांच कोच पटरी से उतर गए।
घायलों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
हादसे के बाद कई यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। शुरुआती सूचना के मुताबिक, किसी यात्री की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
दूसरी ट्रेन से यात्रियों को भेजने की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बेपटरी हुए डिब्बों को हटाने और रेल यातायात बहाल करने के लिए रिकवरी ट्रेन भेजी गई है। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है। इस बीच रेलवे के महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और प्रभावित रेल मार्ग पर बहाली का काम जारी है।
What's Your Reaction?
