उत्तराखंड में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका, 11 दिसंबर तक करें आवेदन
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के साथ नाम-पते की गलतियां सुधारने का भी मिलेगा अवसर, 4 जनवरी को आएगी अंतिम सूची
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। जिन पात्र लोगों का नाम अभी तक वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाया है, उनके लिए निर्वाचन विभाग ने एक और मौका दिया है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के तहत 11 दिसंबर तक नए मतदाता बनने के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके साथ ही सूची में दर्ज नाम और अन्य जानकारियों में संशोधन कराने की सुविधा भी मिलेगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में गुरुवार से एसएसआर के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इससे पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद 12 से 20 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान एक लाख से अधिक लोगों ने मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 जमा किया था। जांच के बाद पात्र आवेदकों के नाम सूची में जोड़े गए हैं।
नए मतदाताओं को भी मिलेगा मौका
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित समय के भीतर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता बनने के लिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए अलग-अलग आवेदन फॉर्म निर्धारित किए गए हैं। नए मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध
मतदाता अपने आवेदन घर बैठे ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर ऑफलाइन आवेदन करने की सुविधा भी दी गई है। निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो। 11 दिसंबर तक मिलने वाले सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
डोईवाला में बढ़े मतदाता, नया बूथ भी बना
विशेष पुनरीक्षण के बाद प्रदेश के कई इलाकों में मतदाताओं की संख्या में इजाफा हुआ है। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के बद्रीपुर मतदान स्थल पर पहले 941 मतदाता दर्ज थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 1019 हो गई है। मतदाताओं की बढ़ी संख्या को देखते हुए जागृति विद्यालय में एक नया मतदान केंद्र भी बनाया गया है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अपडेट करना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
What's Your Reaction?
