अंकिता केस में अनुदान वापसी पर सियासी घमासान, भाजपा विधायक के बयान पर कांग्रेस का पलटवार
हरक सिंह रावत ने भाजपा को घेरा, बोले- क्या सरकारी सहायता देकर अंकिता के परिवार
को चुप कराया जा सकता है?
देहरादून। उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। लैंसडाउन से भाजपा विधायक दिलीप रावत की ओर से अंकिता के परिजनों को सरकारी अनुदान वापस करने की सलाह दिए जाने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने इस बयान को पीड़ित परिवार के सम्मान से जोड़ते हुए भाजपा की सोच पर सवाल उठाए हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने विधायक के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं से इस तरह के बयान की उम्मीद नहीं थी। अंकिता के परिवार को आर्थिक सहायता देने में सरकार के साथ आम लोगों ने भी अपना योगदान दिया था। ऐसे में सहायता राशि को न्याय की मांग से जोड़ना उचित नहीं है।
हरक सिंह रावत ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर प्रदेश की जनता ने लंबा संघर्ष किया। जनता के दबाव के बाद ही सरकार ने मामले में सीबीआई जांच की संस्तुति की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देकर न्याय की आवाज उठाने से रोका जा सकता है?
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जीवन की कीमत पैसों से आंकने की कोशिश कर रही है। अनुदान देने का यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग खत्म हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने जो आर्थिक सहायता दी है, वह किसी नेता की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि जनता के टैक्स का पैसा है।
वहीं, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने भी भाजपा विधायक के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने अपनी बेटी खोई है, उसे न्याय दिलाने के बजाय भाजपा नेता सरकारी सहायता लौटाने की सलाह दे रहे हैं। यह बयान पीड़ित परिवार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाला है। लालचंद शर्मा ने कहा कि सरकारी सहायता किसी परिवार पर किया गया एहसान नहीं, बल्कि मुश्किल समय में उसे राहत पहुंचाने की जिम्मेदारी है। आर्थिक मदद मिलने से न्याय की मांग कमजोर नहीं होती और न ही परिवार के सम्मान पर कोई सवाल खड़ा होता है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड पहले से ही उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा मुद्दा बना हुआ है। अब सरकारी अनुदान को लेकर भाजपा विधायक के बयान ने इस विवाद को और हवा दे दी है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि अंकिता को न्याय दिलाने और कथित वीआईपी की भूमिका की जांच की मांग को लेकर उसका संघर्ष जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
