छठ पर्व पर खटीमा पहुंचे सीएम धामी, छठ घाट का किया लोकार्पण; विकास योजनाओं का भी किया जिक्र
बाढ़ से निजात दिलाने के लिए खटीमा में 300 करोड़ से अधिक की ड्रेनेज योजना, जल्द
शुरू होगी प्रक्रिया
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित छठ महोत्सव में शिरकत कर श्रद्धालुओं के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान सूर्य नारायण की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने वार्ड नंबर 14 में संजय रेलवे पार्क के पास विकसित किए गए छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व सूर्य उपासना के साथ प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर भी है। छठी मईया और भगवान सूर्य की आराधना से जुड़ी यह परंपरा श्रद्धा, संयम और समर्पण का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा हमें जीवन के हर संघर्ष और परिस्थिति का सम्मान करना सिखाती है।
धामी ने आयोजन से जुड़े समिति के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि छठ महोत्सव उत्तराखंड और पूर्वांचल की सांस्कृतिक परंपराओं को एक सूत्र में पिरोने का काम करता है। ऐसे आयोजन सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकजुटता को मजबूत करते हैं।
खटीमा को बाढ़ की समस्या से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी काम कर रही है। खटीमा में हर साल सामने आने वाली बाढ़ और जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की ड्रेनेज योजना को मंजूरी दी गई है। इसका भूमि पूजन जल्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खटीमा चौराहे से मेला घाट रोड तक हॉटमिक्स सड़क निर्माण, मुख्य चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण और मजोला रोड समेत नानकसागर से 17 मील तक 34 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण के कार्य जारी हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेलघाट, सिसैया और नगला तराई जैसे गांवों के लिए 12 करोड़ रुपये के विकास प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। वहीं, भारामल बाबा मंदिर क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े कार्य भी कराए गए हैं।
केंद्रीय विद्यालय की नई इमारत तैयार
शिक्षा और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में हो रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय का नया भवन बनकर तैयार हो गया है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए केंद्रीय मंत्री ने 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि चकरपुर में वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन कार्यों के पूरा होने के बाद यह क्षेत्र धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगा। कार्यक्रम में सामाजिक और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समिति के पदाधिकारियों एवं एक चिकित्सक को सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, समिति अध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह, महेंद्र प्रताप, प्रकाश चंद तिवारी, रणजीत सिंह नामधारी, अंकित पांडेय, कमला सिंह, एसके पटेल, अजय प्रताप सिंह, नरेश यादव, अशोक सिंह और रंजना सिंह उपस्थित रहे। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
What's Your Reaction?
