यूपी चुनाव से पहले CJP ने बढ़ाया संगठन का दायरा, 10 राज्यों में बनाई टीमें; चुनाव लड़ने पर दिया जवाब
उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी प्रदेश स्तरीय समिति का गठन, 16 पदाधिकारियों को मिली
जिम्मेदारी; पार्टी ने फिलहाल चुनावी राजनीति से दूरी रखने की बात कही
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अभिजीत दीपके की अगुवाई वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपना संगठनात्मक विस्तार तेज कर दिया है। पार्टी ने देश के 10 राज्यों में प्रदेश स्तरीय समितियों की घोषणा की है। इनमें सबसे बड़ी टीम उत्तर प्रदेश में बनाई गई है, जिसमें 16 सदस्यों को शामिल किया गया है। हालांकि, यूपी में विधानसभा चुनाव नजदीक होने के बीच पार्टी ने साफ कर दिया है कि फिलहाल उसका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है।
10 राज्यों में संगठन को मजबूत करने की तैयारी
CJP ने उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। पार्टी का उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहुंच बढ़ाना और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। राज्यों के हिसाब से उत्तर प्रदेश में 16, महाराष्ट्र में 15 और झारखंड के साथ पूर्वोत्तर में 14-14 सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। बिहार में 13, पश्चिम बंगाल में 12, हरियाणा में 6, उत्तराखंड में 6, राजस्थान में 5 और जम्मू-कश्मीर में 4 पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
क्या विधानसभा चुनाव में उतरेगी CJP?
उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी टीम घोषित होने के बाद पार्टी के चुनाव लड़ने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, CJP ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि वह फिलहाल राजनीतिक दल के रूप में चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी नहीं कर रही है। पार्टी की सदस्य और राष्ट्रीय मीडिया संयोजक सुभाश्री दास ने बताया कि CJP एक राजनीतिक दबाव समूह के तौर पर काम कर रही है और आगे भी इसी भूमिका में बनी रहेगी। फिलहाल अलग राजनीतिक पार्टी बनाकर चुनाव लड़ने की कोई योजना नहीं है।
लोकसभा से विधानसभा स्तर तक पहुंचेगा संगठन
पार्टी की नई समितियां अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगी। राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे के मुताबिक, शुरुआत लोकसभा क्षेत्रों से की जाएगी। इसके बाद सदस्यता बढ़ने के साथ संगठन को विधानसभा स्तर तक पहुंचाने की योजना है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में सदस्यता अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके तहत कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों से संपर्क किया जा रहा है। दूसरे राज्यों में भी नए सदस्यों को जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर भी बनाई गई टीम
इससे पहले CJP ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी टीम घोषित की थी, जिसमें अभिजीत दीपके को संयोजक बनाया गया। वहीं क्षितिज पगार को पश्चिमी जोन और डॉक्टर विवेक सांगवान को उत्तरी जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुहम्मद जुनैद और गीगराज जोरली को उत्तरी जोन समन्वय समिति में शामिल किया गया है। पार्टी की ओर से बनाई गई इन नई समितियों का मुख्य उद्देश्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधूरे वादों और कामकाज को लेकर जवाबदेही तय करने के लिए दबाव बनाना है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में संगठन का विस्तार आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से चर्चा का विषय बन गया है।
What's Your Reaction?
