प्रदेश में SIR प्रक्रिया पूरी, डाटा फ्रीज; 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
देहरादून: उत्तराखंड में चुनाव आयोग का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सोमवार रात 12 बजे समाप्त हो गया। इसके साथ ही आयोग ने पूरा डाटा फ्रीज कर दिया है। अब तीन अक्तूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
कई बार मतदाताओं तक पहुंचा आयोग
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से चलाया गया मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान लगातार मतदाताओं से जुड़ने का माध्यम बना रहा। प्री-एसआईआर के दौरान करीब पांच लाख ऐसे वोट हटाए गए जो शिफ्ट हो चुके थे या निधन हो गया था। एसआईआर में बीएलओ ने घर-घर गणना प्रपत्र पहुंचाए। ड्राफ्ट सूची के बाद करीब आठ लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।
राजनीतिक दलों संग हुई बैठक
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देश पर सोमवार को बैठक हुई। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने इसकी अध्यक्षता की। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर कार्यक्रम की जानकारी दी गई। डॉ. जोगदंडे ने बताया कि दावे-आपत्तियों का निस्तारण सोमवार को पूरा हो गया। नागरिक ऑनलाइन ईसीआई-नेट या बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं। बैठक में भारतीय जनता पार्टी से राजकुमार पुरोहित, इंडियन नेशनल कांग्रेस से राजेंद्र सिंह भंडारी और प्रशांत खंडूरी, बसपा से सत्यपाल और सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से अशोक सेमवाल तथा सीपीआई(एम) से अनंत आकाश उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?