सोनपुर मेले में पशुओं की खरीद-बिक्री तेज, 1.85 लाख रुपये तक पहुंची घोड़े की कीमत
विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेले में घोड़ों और बकरियों का बाजार गुलजार है। अब तक 1585
घोड़े पहुंच चुके हैं, जिनमें 327 की बिक्री हो चुकी है। वहीं बकरी-भेड़ की खरीदारी में
भी लोग दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
बिहार के विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में इन दिनों पशु बाजार आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां दूर-दराज से पशुपालक और व्यापारी घोड़ों, बकरियों और भेड़ों की खरीद-बिक्री के लिए पहुंच रहे हैं। मेले में पशुओं की अलग-अलग कीमतें भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। पशुपालन विभाग की 25 नवंबर तक की रिपोर्ट के मुताबिक, मेले में अब तक कुल 1585 घोड़ों का आगमन हो चुका है। इनमें से 327 घोड़ों की बिक्री की जा चुकी है। केवल 25 नवंबर को ही 133 घोड़ों का कारोबार हुआ। बाजार में घोड़ों की कीमत 85 हजार रुपये से लेकर 1.85 लाख रुपये तक दर्ज की गई है।
वहीं बकरी और भेड़ के बाजार में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है। मेले में अब तक 372 बकरी और भेड़ पहुंच चुके हैं, जिनमें से 177 की बिक्री हो चुकी है। कुछ बकरियों की कीमत करीब 37 हजार रुपये तक बताई जा रही है।
मेले में पशुओं की खरीद-बिक्री के साथ उनकी नस्ल और कीमत को लेकर भी व्यापारियों और खरीदारों के बीच बातचीत जारी है। पशु बाजार में बढ़ती रौनक से सोनपुर मेले का आकर्षण और बढ़ गया है।
What's Your Reaction?
