बेटी की शादी में किस बात पर भड़के अनंत सिंह? ड्राइवर को लात मारने का वीडियो वायरल
मोकामा विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इसमें वह
गमछा लहराते हुए अचानक अपने ड्राइवर पर नाराज होते और पैर से मारते नजर आ
रहे हैं। हालांकि, विवाद की असली वजह सामने नहीं आई है।
बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उनकी बेटी की शाही शादी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अनंत सिंह कथित तौर पर अपने ड्राइवर को लात मारते और डांटते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी के दौरान का है। समारोह में अनंत सिंह खुली गाड़ी पर सवार होकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे। इसी दौरान वह हाथ में गमछा लेकर उसे लहराते दिखाई देते हैं। तभी अचानक किसी बात को लेकर उनका गुस्सा ड्राइवर पर निकलता नजर आता है।
अचानक चालक पर क्यों नाराज हुए अनंत सिंह?
वायरल वीडियो में अनंत सिंह गाड़ी में बैठे हुए चालक की ओर पैर उठाते दिखाई देते हैं। इसके बाद वह उसे फटकार भी लगाते नजर आते हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर किस बात को लेकर विधायक नाराज हुए थे। वीडियो से चालक को चोट लगने की भी पुष्टि नहीं हुई है।
25 नवंबर को हुई थी बेटी की शादी
अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को धूमधाम से हुई थी। उनका विवाह बिहटा के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार के साथ संपन्न हुआ। इस शाही समारोह में कई राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य लोगों ने शिरकत की थी। शादी में भव्य पंडाल, भोज और घुड़दौड़ आकर्षण का केंद्र रहे। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई बड़े चेहरे समारोह में पहुंचे थे।
शादी के बाद भी सुर्खियों में अनंत सिंह
शिवांगी सिंह की शादी और विदाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में थीं। ससुराल पहुंचने पर भी उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इसी बीच अब अनंत सिंह का ड्राइवर के साथ कथित विवाद वाला वीडियो सामने आने से वह फिर सुर्खियों में आ गए हैं।
What's Your Reaction?
