पठानकोट बॉर्डर पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, BSF की गोली से पाकिस्तानी घुसपैठिए की मौत
पंजाब के पहाड़पुर बॉर्डर पोस्ट के पास तड़के हुई घटना, जवानों ने रुकने की चेतावनी
दी, लेकिन सीमा की ओर बढ़ता रहा संदिग्ध।
पंजाब के पठानकोट में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने नाकाम कर दिया। शुक्रवार तड़के सीमा पार से आए एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को जवानों ने गोली मारकर ढेर कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, घटना रात करीब 2 बजे उझ नदी के पास पहाड़पुर बॉर्डर पोस्ट इलाके में हुई। संदिग्ध व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक पहुंच गया था। BSF के जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ना जारी रखा। इसके बाद जवानों ने कार्रवाई करते हुए उसे गोली मार दी।
सर्दियों में बढ़ाई गई निगरानी
सर्दियों के मौसम में धुंध का फायदा उठाकर घुसपैठ की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। BSF और स्थानीय पुलिस मिलकर संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और तलाशी अभियान चला रही हैं। पठानकोट जिला सामरिक रूप से भी महत्वपूर्ण है। इसकी सीमा पाकिस्तान के अलावा जम्मू-कश्मीर से भी लगती है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संदिग्ध गतिविधि को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही हैं।
What's Your Reaction?
