उत्तराखंड में SIR प्रक्रिया पूरी, 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

Sep 30, 2026 - 15:08
 0  5
उत्तराखंड में SIR प्रक्रिया पूरी, 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
उत्तराखंड में SIR प्रक्रिया पूरी, 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

देहरादून: उत्तराखंड में भारत निर्वाचन आयोग का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया संपन्न हो गई है. 28 सितंबर को दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि रखी गई थी. ऐसे में 28 सितंबर की रात 12 बजे मतदाता डाटा को फ्रीज कर दिया गया है. इसके बाद फाइनल मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है. 3 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से फाइनल मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी. जिसके बाद कितने मतदाताओं के नाम कटे हैं या जुड़े हैं इसकी जानकारी सामने आएगी.

उत्तराखंड में एसआईआर की प्रक्रिया संपन्न: निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड राज्य में 8 जून से एसआईआर अभियान की शुरुआत की थी. इसके बाद, मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए और 7 जुलाई तक भरकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र वापस लिए गए. जिसके आधार पर 14 जुलाई को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई साथ ही 14 जुलाई से ही 13 अगस्त तक दावा दर्ज कराने का मौका दिया गया. इसी दौरान 14 जुलाई से 28 सितंबर तक दावे की सुनवाई और उसके निस्तारण की कार्रवाई चली. ऐसे में दावे-आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर तक पूरा करने के बाद डाटा फ्रीज कर दिया गया.
 
3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची: दरअसल, पहले अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को जारी होनी थी. लेकिन पांच जिलों में आपत्तियों की सुनवाई और उसके निस्तारण की प्रक्रिया में समय लगने के चलते अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तिथि को बढ़ाकर 3 अक्टूबर कर दी गई. एसआईआर के दौरान करीब 1.25 लाख मतदाताओं ने फॉर्म-6 भरकर नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया है. नाम, पते या अन्य जानकारियों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के तहत करीब 64 हजार आवेदन मिले, जिनमें से करीब 49 हजार स्वीकार हुए. साथ ही फॉर्म-7 के तहत करीब 1.73 लाख मतदाताओं के खिलाफ आपत्ति के आवेदन आए, जिनमें से 95 हजार से अधिक मतदाताओं को इनएलिजिबल घोषित किया गया.

अंतिम मतदाता सूची में नाम नहीं है तो ये काम करें: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि-

उत्तराखंड में चले एसआईआर अभियान के तहत दावे और आपत्तियों का 28 सितंबर तक निस्तारण कर लिया गया है. 3 अक्टूबर को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा. इसकी जानकारी सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर दे दी गई है. अगर किसी व्यक्ति का नाम अंतिम मतदाता सूची में नहीं होता है तो वो अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म- 6 भरकर आवेदन कर सकते हैं. इसके साथ ही अगर किसी व्यक्ति के नाम को डिलीट करना है, तो उसके लिए फार्म- 7 भर सकते हैं.
-डॉ विजय कुमार जोगदंडे, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड-

त्रुटि सुधार के लिए भरें ये फॉर्म: डॉ जोगदंडे ने बताया कि इसके अलावा किसी भी त्रुटि में सुधार करने के लिए फॉर्म- 8 भरा जा सकता है. साथ ही कहा कि ये प्रक्रिया आगामी चुनाव में प्रत्याशियों के नॉमिनेशन की अंतिम तिथि तक जारी रहेगी.

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow