उत्तरकाशी: आग ने तबाह की 45 परिवारों की जिंदगी, होमस्टे से रोजगार पाने का सपना भी टूटा
पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड के बाद ग्रामीणों के सामने दोहरी मुसीबत, घरों के साथ
आजीविका के साधन भी खत्म। प्रभावित परिवारों ने सरकार से आर्थिक मदद और
सड़क-संचार सुविधाएं सुधारने की मांग की।
उत्तरकाशी के पवाणी गांव में लगी भीषण आग ने कई परिवारों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अग्निकांड में 45 परिवारों के आशियाने उजड़ने के साथ उनके रोजगार की उम्मीदें भी खत्म हो गईं। खास बात यह है कि गांव के लोग पर्यटन को अपनी आजीविका का जरिया बनाकर पलायन रोकने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इस हादसे ने उनकी योजनाओं को बड़ा झटका दिया है। मोरी विकासखंड की हरकीदून घाटी में स्थित पवाणी गांव में कई परिवार पर्यटकों के ठहरने के लिए अपने घरों को होमस्टे में बदल रहे थे। कुछ ग्रामीणों ने होमस्टे का संचालन भी शुरू कर दिया था। इसके लिए उन्होंने अपनी बचत खर्च की थी। उन्हें उम्मीद थी कि हरकीदून आने वाले पर्यटकों से गांव में ही रोजगार मिलेगा और युवाओं को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। लेकिन आग में घरों के साथ उनकी यह उम्मीद भी जलकर राख हो गई। अब प्रभावित परिवारों के सामने रहने और कमाई का इंतजाम करने की चुनौती खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने सरकार से आर्थिक मुआवजे के साथ होमस्टे और पर्यटन कारोबार को दोबारा खड़ा करने के लिए विशेष सहायता देने की मांग की है।
अग्निकांड ने खोली बुनियादी सुविधाओं की पोल
पवाणी अग्निकांड के दौरान गांव की खराब सड़क और कमजोर मोबाइल नेटवर्क भी बड़ी परेशानी बनकर सामने आए। ग्रामीणों के अनुसार सांकरी से आगे पवाणी तक जाने वाला रास्ता बेहद खराब है। कई जगह सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भी दिक्कतें आईं। वहीं, मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से आग की सूचना प्रशासन तक पहुंचाने में काफी समय लगा। ग्रामीणों को नेटवर्क की तलाश में अलग-अलग जगहों पर जाना पड़ा। गांव में बीएसएनएल का नेटवर्क भी कभी-कभार ही काम करता है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पवाणी और आसपास के गांवों को बेहतर सड़क और भरोसेमंद मोबाइल नेटवर्क से जोड़ा जाए। उनका कहना है कि केवल मुआवजा देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि प्रभावित परिवारों को दोबारा रोजगार से जोड़ने और गांव में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
What's Your Reaction?
